FDA अफसर को गुस्साई भीड़ ने जबरन खिलाए एक्सपायर्ड बिस्किट, लोग बोले- रिश्वत लेकर दुकानदार को बचा रहा था

FDA अफसर को गुस्साई भीड़ ने जबरन खिलाए एक्सपायर्ड बिस्किट, लोग बोले- रिश्वत लेकर दुकानदार को बचा रहा था

FDA Officer Maharashtra: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब गुस्साई भीड़ ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) के एक अधिकारी को घेर लिया और उनके मुंह में एक्सपायर्ड बिस्किट डालने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने अधिकारी पर दुकानदार को बचाने और कथित तौर पर रिश्वत लेकर मामला दबाने का आरोप लगाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

2 साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मामला एक स्थानीय पान की दुकान से खरीदे गए नमकीन स्नैक मिक्स को खाने के बाद दो साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ने से शुरू हुआ। परिजनों के अनुसार, स्नैक खाने के बाद बच्चे को चक्कर आने लगे और उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिवार बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले गया।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने छत्रपति संभाजीनगर के FDA कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और दुकान पर खाद्य सामग्री की जांच करने की मांग की।

जांच के लिए दुकान पर पहुंचे FDA अधिकारी

शिकायत मिलने के बाद FDA का एक अधिकारी दुकान पर जांच के लिए पहुंचा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस नमकीन स्नैक को खाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी थी, उसे अधिकारी के पहुंचने से पहले ही दुकान से हटा दिया गया था।

जांच के दौरान अधिकारी को दुकान पर कई एक्सपायर्ड बिस्किट के पैकेट मिले। लोगों का आरोप है कि उत्पादों को तो जब्त कर लिया गया, लेकिन दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया।

‘अगर बिस्किट सुरक्षित हैं तो खुद खाइए’

अधिकारी के सामने एक्सपायर्ड बिस्किट के पैकेट दिखाते हुए भीड़ ने उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने दुकानदार से कथित तौर पर रिश्वत लेकर मामला निपटाने की कोशिश की है।

भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अधिकारी से कहा कि अगर ये बिस्किट खाने के लिए सुरक्षित हैं तो वह खुद इन्हें खाएं। इसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक्सपायर्ड बिस्किट अधिकारी के मुंह में जबरन डालने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर FDA की कार्रवाई तेज

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई वाली एफडीए की ओर से खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। हाल के हफ्तों में अधिकारियों ने कई जगहों पर निरीक्षण कर मिलावटी खाद्य पदार्थों, एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अन्य अनियमितताओं की जांच की है। एस में छत्रपति संभाजीनगर की यह घटना खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एक्सपायर्ड सामान की बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। हालांकि, बच्चे की तबीयत खराब होने और दुकान में मिले एक्सपायर्ड बिस्किट के बीच सीधा चिकित्सकीय संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *