हेलीपैड पर एक पहिए पर दौड़ाई बाइक:प्रयागराज में यमुना किनारे बनाया स्टंटबाजी का अड्‌डा, रात तक लगा रहता है जमावड़ा

हेलीपैड पर एक पहिए पर दौड़ाई बाइक:प्रयागराज में यमुना किनारे बनाया स्टंटबाजी का अड्‌डा, रात तक लगा रहता है जमावड़ा

प्रयागराज में यमुना बैंक रोड स्थित हेलीपैड पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो युवक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल जाती है। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरने के बाद काफी दूर तक घिसटते चले जाते हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यमुना किनारे बने इस हेलीपैड पर रोजाना स्टंटबाजों का जमावड़ा लगता है। खासकर देर शाम और रात में बड़ी संख्या में युवक यहां पहुंचते हैं। बाइक से तेज रफ्तार में करतब दिखाने के साथ ही मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर रील के तौर पर प्रसारित किया जाता है।
रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में
स्थानीय लोगों का कहना है कि रील बनाने के चक्कर में युवक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। हेलीपैड का खुला क्षेत्र स्टंट करने वालों के लिए आसान जगह बन गया है। यहां बाइक को तेज गति से दौड़ाने, अचानक ब्रेक लगाने और बाइक को फिसलाकर करतब दिखाने जैसी गतिविधियां होती हैं।
सामने आए वीडियो में भी बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ने के बाद दोनों युवक जमीन पर गिर जाते हैं और काफी दूर तक घिसटते हैं। अगर इसी दौरान कोई दूसरा व्यक्ति या वाहन उनकी चपेट में आ जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
पुलिस चौकी पास, फिर भी नहीं लग रहा अंकुश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हेलीपैड से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है। इसके बावजूद यहां स्टंटबाजी पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन इसके बाद भी स्टंटबाजों का जमावड़ा बंद नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात तक यहां युवकों की अड्डेबाजी भी होती है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है और किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।
महाकुंभ से पहले बना था हेलीपैड
यमुना बैंक रोड पर त्रिवेणी दर्शन होटल के पास यमुना किनारे यह हेलीपैड महाकुंभ से पहले तैयार किया गया था। महाकुंभ के दौरान यहां से हवाई सेवा देने वाली निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टरों का लैंडिंग और टेकऑफ होता था। महाकुंभ समाप्त होने के बाद से हेलीपैड का नियमित इस्तेमाल नहीं हो रहा है और यह खाली पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस्तेमाल नहीं होने के कारण यह स्थान अब स्टंटबाजों और देर रात अड्डेबाजी करने वालों के लिए मुफीद जगह बन गया है।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
हेलीपैड के आसपास लोगों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार बाइक से स्टंटबाजी के दौरान किसी राहगीर के चपेट में आने का खतरा बना रहता है। बाइक सवारों के खुद गंभीर रूप से घायल होने की आशंका भी रहती है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से हेलीपैड पर नियमित निगरानी कराने, स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *