पलवल में कैंटर की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत:नेशनल हाईवे-19 पर हादसा; प्रत्यक्षदर्शी ने नंबर किया नोट

पलवल में कैंटर की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत:नेशनल हाईवे-19 पर हादसा; प्रत्यक्षदर्शी ने नंबर किया नोट

पलवल जिले के नेशनल हाईवे-19 पर मितरोल बस स्टैंड के पास कैंटर की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। कैंटर महिला को टक्कर मारने के बाद काफी दूर तक घसीटता ले गया। पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद के अनुसार, कौंडल गांव निवासी राजेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी है। राजेंद्र की मितरोल बस स्टैंड पर परचून की दुकान है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे एक बुजुर्ग महिला नेशनल हाईवे-19 को पैदल पार कर मितरोल गांव की तरफ जा रही थी। महिला को दूर तक घसीटा इसी दौरान आगरा से दिल्ली की ओर आ रहे एक आयसर कैंटर ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर महिला को सड़क पर काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कैंटर ड्राइवर वाहन सहित फरार हो गया, हालांकि प्रत्यक्षदर्शी ने कैंटर का नंबर नोट कर लिया। भीड़ ने एम्बुलेंस को बुलाया भीड़ में से किसी ने एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया और महिला को जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर खून के निशान देखे और अस्पताल के लिए रवाना हो गई। मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसके हाथ पर हिंदी में ‘संतोष’ गुदा हुआ मिला, लेकिन इससे भी पहचान सुनिश्चित नहीं हो पाई। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मुंडकटी थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी कौंडल निवासी राजेंद्र के बयान पर अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *