झज्जर में वोटर लिस्ट की जांच का विशेष अभियान शुरू:29-30 अगस्त को हर बूथ पर बैठेंगे BLO, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मिलेगा मौका

झज्जर में वोटर लिस्ट की जांच का विशेष अभियान शुरू:29-30 अगस्त को हर बूथ पर बैठेंगे BLO, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मिलेगा मौका

झज्जर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अपडेट करने के लिए झज्जर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि 29 और 30 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
दोनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जांच सकेंगे तथा नाम, पता, उम्र, फोटो या अन्य विवरण में गलती होने पर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जांचें
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से अपील की कि वे 29 और 30 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच अवश्य करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी मतदाता के विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित फॉर्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। प्रशासन की ओर से लगातार मतदाता सूची को अपडेट करने का काम किया जा रहा है, लेकिन इसमें नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरें
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह निर्धारित दस्तावेज और घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए दावा कर सकता है।
नाम-पता या फोटो में गलती तो फॉर्म-8
मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेज और घोषणा-पत्र देना होगा।
मृत या अपात्र मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7
यदि मतदाता सूची में किसी मृत, अपात्र, स्थानांतरित या अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता का नाम दर्ज है तो उसे हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
नागरिक अपने दावे और आपत्तियां संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (AERO) के कार्यालय में जमा करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
30 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं दावे-आपत्तियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 अगस्त 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं। नागरिक अपने क्षेत्र के BLO, ERO या AERO से संपर्क कर आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जानकारी के लिए 1950 पर करें संपर्क
मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
डीसी ने जिलावासियों से अपील की कि वे 29 और 30 अगस्त को होने वाले विशेष अभियान का लाभ उठाएं, अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचें और किसी भी त्रुटि या आपत्ति को निर्धारित समय सीमा में दर्ज कराएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *