ललितपुर। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार शाम अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में 4 महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलों को ललितपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाइक से गिरने से मां-बेटी घायल मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के मटखैरा गांव निवासी 20 वर्षीय दीपा पत्नी बॉबी अपनी एक साल की बेटी चांदनी और भाई छोटू के साथ शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ललितपुर आ रही थीं। उन्हें भाई को राखी बांधनी थी। कैलगुंवा गांव के पास दीपा और उनकी बेटी बाइक से गिर गईं। दोनों घायल हो गईं। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। भैंसों को बचाने में बाइक से गिरी महिला टीकमगढ़ के खाखररौन गांव निवासी 50 वर्षीय रामकली पत्नी दशरथ अपने बेटे के साथ बाइक से मायके रोड़ा जा रही थीं। तेरई फाटक के पास सड़क पर भैंसें आ गईं। उन्हें बचाने के लिए बेटे ने बाइक सड़क से नीचे उतार दी। इसी दौरान पीछे बैठी रामकली गिर गईं। उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया। ट्रैक्टर की टक्कर से परिवार घायल पूराकलां थाना क्षेत्र के गेवरा गेंदौरा निवासी शाकुलाल (38) अपनी पत्नी आरती (34) और बेटियों नंदनी (7) व मुस्कान (5) के साथ बाइक से खजरा गांव जा रहे थे। आरती को रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधनी थी। एवनी गांव के पास भूसा लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में चारों घायल हो गए। ब्रेकर पर बाइक से गिरी महिला कोतवाली सदर क्षेत्र के रजवारा गांव निवासी 40 वर्षीय गोमती पत्नी विनोद अपने बेटे छोटू के साथ बाइक से मायके सैदपुर जा रही थीं। छपरट गांव के पास नदी के पुल पर बने ब्रेकर से बाइक गुजरते समय गोमती गिर गईं। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। आवारा जानवर से टकराकर युवक घायल कोतवाली सदर क्षेत्र के खोखरा गांव निवासी 25 वर्षीय सुनील बाइक से सामान लेने बिताती गांव गया था। शाम करीब 7 बजे लौटते समय सड़क पर अन्ना जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में सुनील घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

