चंदौली के सकलडीहा में मूसलाधार बारिश के चार दिन बाद भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। तहसील से लेकर सीओ कार्यालय और कई शिक्षण संस्थान पानी में डूबे हुए हैं। इस गंभीर स्थिति के कारण कस्बे की बिजली आपूर्ति पर भी संकट मंडरा रहा है। कस्बे में सीओ कार्यालय मार्ग, इंटर कॉलेज मार्ग, अनुसूचित छात्रावास, पीजी कॉलेज और तहसील मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हैं। सकलडीहा पीजी कॉलेज और इंटर कॉलेज के खेल के मैदान भी पानी से लबालब भरे हुए हैं, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बारिश का पानी घरों और खेतों में घुसने से ग्रामीणों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी निकालने के लिए इंजन और टुल्लू पंप का इस्तेमाल कर रहे हैं। कस्बे के दोनों बिजली उपकेंद्रों के स्विच यार्ड में भी पानी भर गया है, जिससे बिजली कर्मचारी पानी में होकर काम करने को मजबूर हैं। बिजली कर्मचारियों के अनुसार, यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। एसडीओ सियाराम यादव ने भी बताया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने पर बिजली आपूर्ति का संचालन संभव नहीं हो पाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लाटिंग करने वालों ने बेशकीमती जमीन पर बड़े नालों और बहाव क्षेत्रों को पाटकर छोटी सीवर पाइप डाल दी हैं। इसी कारण बरसात का पानी तेजी से नहीं निकल पा रहा है, जिससे आसपास के घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभागीय अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के गृह कस्बे होने के बावजूद तहसील और ब्लॉक प्रशासन की उदासीनता से लोगों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने जिला प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

