Jaipur : रक्षाबंधन पर जयपुर में एमडी की बड़ी खेप खपाने की तस्करों की साजिश को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नाकाम कर दिया। नागौर से जयपुर लाई जा रही 5 किलो 400 ग्राम एमडी की खेप जायल थाना क्षेत्र में पकड़ ली गई। बरामद एमडी की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में विधि से संघर्षरत एक को निरुद्ध कर तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त की गई है।
आइजी विकास कुमार ने बताया कि तस्कर एमडी जयपुर लाकर पार्टियों में ग्राहकों को सप्लाई करने की फिराक में थे। सूचना पर टीम ने नागौर से ही संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी। ग्राम दुगौली में खारी-जोधा जाने वाली सड़क पर देवनारायण बगीची के सामने नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली तो चालक सीट के नीचे हरे रंग की पांच थैलियों में एमडी मिली।
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क
पूछताछ में सामने आया कि बाल अपचारी को एमडी नागौर के मेडतारोड थाना क्षेत्र के सालासर/मालास से मिली थी। वहां के तस्कर ने सोशल मीडिया या कम्युनिकेशन एप के जरिए उससे संपर्क किया और रोटू से धुडिला गांव की ओर आने को कहा। धुडिला के पास उसे एमडी से भरा कट्टा सौंपा गया। इसके बाद वह खेप लेकर जयपुर के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में एएनटीएफ की निगरानी और नाकाबंदी में पकड़ा गया।
मोबाइल में 16 लाख के लेन-देन का हिसाब
जांच में बाल अपचारी के मोबाइल में खाताबुक एप पर ‘एसडी मुथ’ नाम से करीब 16 लाख रुपए के लेनदेन का हिसाब मिला। बाल अपचारी ने इसे तस्कर साथी से जुड़े मादक पदार्थ के लेनदेन का हिसाब बताया। पुलिस अब एमडी उपलब्ध कराने वाले सप्लायर और जयपुर में खेप लेने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
जायल थाना पुलिस की विशेष भूमिका
ANTF आइजी विकास कुमार ने बताया कि टीम का उद्देश्य केवल मादक पदार्थ बरामद करना नहीं, बल्कि इसके सप्लाई स्रोत, मुख्य सप्लायर, रिसीवर और पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचना है। कार्रवाई में ANTF टीम के साथ जायल थाना पुलिस की भी विशेष भूमिका रही।
10 माह में करीब 197 किलो MD पकड़ी
ANTF के अनुसार गठन के बाद महज 10 महीनों में करीब 196.76124 किलो MD बरामद की जा चुकी है और तस्करी से जुड़े सरगनाओं को जेल भेजा गया है।

