सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कच्ची और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दीवार के पास टीन के नीचे बैठे 75 वर्षीय बुजुर्ग इसकी चपेट में आ गए और मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम समहिइया निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग शिवदयाल पुत्र चैनू घर के बाहर टीन के नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण घर के पास बनी कच्ची एवं जर्जर दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने से बुजुर्ग मलबे के नीचे दब गए। परिवार से ली गई हादसे की जानकारी हादसे के बाद दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया और बुजुर्ग को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मछरेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर हादसे की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

