Sensex में 331 अंक की तेजी लौटी, Nifty 85 अंक बढ़कर 24,175 पर पहुंचा

Sensex में 331 अंक की तेजी लौटी, Nifty 85 अंक बढ़कर 24,175 पर पहुंचा

वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार दो दिन की गिरावट से उबरकर बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 331 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 85 अंक चढ़ा। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 424.38 अंक बढ़कर 77,357.97 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,175.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन और इटर्नल के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

इसके उलट, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट रही। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, आईटी शेयरों में मजबूत बढ़त से भारतीय शेयर बाजार ऊंचे स्तर पर बंद हुए। एनवीडिया के मजबूत तिमाही नतीजों और सकारात्मक परिदृश्य से आईटी क्षेत्र को समर्थन मिला, जिससे कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश को लेकर उम्मीद मजबूत हुई।

हालांकि, उन्होंने कहा कि निवेशकों की भागीदारी चुनिंदा शेयरों तक सीमित रही क्योंकि बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की टिप्पणियों का इंतजार है। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.48 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की मामूली तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में फोकस आईटी खंड ने 3.42 प्रतिशत और आईटी खंड ने 3.32 प्रतिशत की जोरदार छलांग लगाई।

वहीं, पीएसयू बैंक खंड में 1.25 प्रतिशत की तेजी रही। बीमा, ऊर्जा, रियल्टी खंड गिरावट के साथ बंद हुए। शोध विश्लेषक फर्म एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा कि आईटी क्षेत्र को लेकर सकारात्मक वैश्विक संकेत मिलने से घरेलू बाजार में भी आईटी शेयरों में खासी तेजी देखी गई।

इस खरीदारी के दम पर भारतीय बाजार दो दिनों की गिरावट से उबरने में सफल रहे। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में 276.32 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि एनएसई निफ्टी 76.35 अंक यानी 0.31 प्रतिशत के नुकसान में रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट में बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में सकारात्मक रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत टूटकर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर था।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 298.26 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 539.35 अंक टूटकर 76,933.59 अंक और निफ्टी 116.90 अंक टूटकर 24,090.85 अंक पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *