तरनतारन के गांव मालिया कलां में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट और हत्या की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हुए और 38 वर्षीय महिला कुलदीप कौर की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान कुलदीप कौर पत्नी लखविंदर सिंह उर्फ लखी के रूप में हुई है। उसके पति लखविंदर सिंह आर्मी से रिटायर हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश घर से करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने की बालियां, चेन और अंगूठी लूटकर ले गए। लखविंदर सिंह के मुताबिक, बाइक पर आए दोनों आरोपी सुबह करीब 10:52 बजे घर में दाखिल हुए और करीब 11:20 बजे बाहर निकले। घटना के समय कुलदीप कौर का बेटा स्कूल गया हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम सूचना मिलते ही डीएसपी इन्वेस्टिगेशन शिव दर्शन सिंह और थाना सिटी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात के तरीके की जांच कर रही है। महिला का भाई इंग्लैंड में था, जो बहन की मौत की सूचना मिलने के बाद भारत लौट रहा है।

