पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अयोध्या में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। इसमें आगरा मंडल की टीम भी हिस्सा लेगी। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के जरिए किया जाएगा। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 6 से 11 सितंबर तक अयोध्या में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश भर की मंडलीय टीमें दम दिखाएंगी। आगरा मंडल की टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को दो चरणों में ट्रायल देना होगा। पहला चरण जिला स्तरीय ट्रायल का होगा। यह ट्रायल 2 सितंबर को सुबह 11 बजे से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉकी मैदान पर होगा। इसमें आगरा जिले के सीनियर पुरुष हॉकी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। दूसरा चरण मंडल स्तरीय ट्रायल का होगा। यह 3 सितंबर को सुबह 11 बजे से उसी मैदान पर आयोजित किया जाएगा। इसमें आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों – आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के चयनित खिलाड़ी शामिल होंगे। दोनों ट्रायल में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मंडल स्तर पर चयनित टीम 5 सितंबर को अयोध्या के लिए रवाना होगी। टीम के आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च खेल विभाग करेगा। खिलाड़ियों को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। खेल विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे तय तिथि पर अपने खेल किट और आधार कार्ड के साथ मैदान पर पहुंचे। अधिक जानकारी के लिए एकलव्य स्टेडियम में हॉकी प्रशिक्षक विनय कुमार से संपर्क कर सकते हैं। बता दें कि प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश टीम में जगह मिलने का मौका भी मिल सकता है। ऐसे में आगरा मंडल के हॉकी खिलाड़ियों के लिए यह बड़ा अवसर है।

