प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा:जौनपुर में जलभराव और साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा:जौनपुर में जलभराव और साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश

जौनपुर के प्रभारी एवं ऊर्जा राज्यमंत्री एके शर्मा गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। शाम करीब चार बजे आगमन के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने पिछले और वर्तमान माह में कराए गए विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। जलभराव और साफ-सफाई पर विशेष जोर बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री ने जलभराव, साफ-सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम और पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से कहा कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। जहां समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी कराने के साथ स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नियमित एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। नगरों में नियमित कूड़ा उठान और निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। बिजली व्यवस्था की भी हुई समीक्षा विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, विद्युत आपूर्ति और समयबद्ध तरीके से खराब ट्रांसफार्मर बदलने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी रखी जाए। जनसमस्याओं के निस्तारण में देरी पर होगी जिम्मेदारी तय एके शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और शासन की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सपा के सवालों पर साधा निशाना समाजवादी पार्टी की ओर से महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उठाए जा रहे सवालों पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सपा नेताओं को सबसे पहले महिलाओं के प्रति अपनी सोच में बदलाव लाने की आवश्यकता है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं का जिक्र करते हुए तत्कालीन परिस्थितियों पर सवाल उठाए। नेपाल की त्रासदी पर जताया दुख प्रभारी मंत्री ने नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई आपदा को याद करते हुए कहा कि उस त्रासदी में भी भारी जनहानि और संपत्ति का नुकसान हुआ था। उन्होंने बताया कि उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह भी केदारनाथ गए थे और ऐसी आपदाओं से प्रभावित लोगों की पीड़ा को समझते हैं। इस बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, विधायक एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *