Kerala Police ने Aluva Jail से भागे कैदी की तलाश तेज की, Aadhaar लेने पहुंचा था थाने

Kerala Police ने Aluva Jail से भागे कैदी की तलाश तेज की, Aadhaar लेने पहुंचा था थाने

केरल पुलिस ने असम के रहने वाले उस व्यक्ति की तलाश तेज कर दी है, जो अलुवा उप कारागार से फरार होने के बाद अपना आधार कार्ड लेने के लिए पेरुंबवूर थाने पहुंच गया था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। असम के धेमाजी निवासी 28 वर्षीय मधुर ज्या सोनोवाल 24 अगस्त को अलुवा जेल से फरार हो गया था।

सोनोवाल को पिछले सप्ताह मोबाइल फोन चोरी के मामले में एडथला पुलिस ने पेरुंबवूर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया था और उसे अलुवा उप कारागार में रखा गया था। जेल अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया है कि सोनोवाल ने जेल परिसर के भीतर निर्माणाधीन इमारत पर चढ़कर वहां से ऊंची चारदीवारी को पार कर छलांग लगा दी और फरार हो गया। दिलचस्प बात यह है कि जेल से भागने के बाद सोनोवाल सबसे पहले पेरुंबवूर पुलिस थाने पहुंचा और अपना आधार कार्ड वापस मांगा।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘रिसेप्शन पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे पहचान नहीं सके। उसने अपना आधार कार्ड वापस करने का अनुरोध किया। हालांकि, एडथला पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में मदद करने वाले अधिकारियों को देखते ही वह वहां से भाग गया।’’
पुलिस ने पेरुंबवूर इलाके में उसकी तलाश तेज कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है और सभी थानों को उसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सूचित किया गया है, ताकि अगर वह ट्रेन से राज्य से बाहर जाने की कोशिश करे तो उसे पकड़ा जा सके। अधिकारियों ने कहा कि असम पुलिस को भी जेल से फरार होने की घटना की जानकारी दी जाएगी और अगर सोनोवाल अपने पैतृक स्थान पहुंचता है तो वहां की पुलिस को भी सतर्क किया जाएगा।

जेल विभाग ने उन सुरक्षा चूकों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, जिनकी वजह से कैदी जेल से फरार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *