NDMC Chairman Manoj Kumar Dwivedi खुद सौंपेंगे पेंशन दस्तावेज, बिना देरी खाते में आएगी राशि

NDMC Chairman Manoj Kumar Dwivedi खुद सौंपेंगे पेंशन दस्तावेज, बिना देरी खाते में आएगी राशि

कर्मचारियों की ओर से पेंशन संबंधी कागजात के निपटारे में देरी की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने बुधवार को कहा कि वह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से पेंशन संबंधी दस्तावेज सौंपेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी पेंशन बिना किसी देरी के खाते में जमा हो। एनडीएमसी के अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि यह फैसला कई कर्मचारियों और संगठनों के उनसे संपर्क करने और यह बताने के बाद लिया गया कि पेंशन के कागजात पूरे होने में अक्सर महीनों लग जाते हैं जिससे सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को नौकरी खत्म होने के बाद भी बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। द्विवेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महीने के आखिरी दिन मैं खुद पेंशन के कागजात दूंगा और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के खाते में पेंशन जरूर जमा हो जाएगी।

इसके लिए अब और भाग-दौड़ नहीं करनी पड़ेगी।’’ उन्होंने यह भी कहा कि वह इसकी तस्वीरें पोस्ट करेंगे। अधिकारी ने कहा कि इस कदम का मकसद उन कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देना है जिन्होंने कई साल एनडीएमसी की सेवा की। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त होने वालों में से कई कम वेतन वाले कर्मचारी हैं, जिनमें सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: SBI Vision 2030: 200 लाख करोड़ का कारोबार और Indian Economy में बड़ी भूमिका, बोले Chairman CS Setty

अगस्त में एनडीएमसी के 42 कर्मचारी सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से मिलेंगे और उन्हें पेंशन के कागजात सौंपेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘उनके योगदान को सम्मान देने के लिए हम कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इस कदम से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को पेंशन की प्रक्रिया से जुड़ी अनिश्चितता और बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा और यह सुनिश्चित हो सकेगा कि वे नौकरी से सेवानिवृत्त होते समय अपने पेंशन से जुड़े कागजात साथ लेकर जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *