नेपाल में बाढ़ से तबाही मची है। इसका असर यूपी पर भी पड़ेगा। CM योगी ने नेपाल सीमा से सटे महराजगंज और कुशीनगर को हार्टअलर्ट किया है। बैराज से सभी 36 गेट खोल दिए जाने से गंडक नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। दोनों जिलों के DM और SP समेत अन्य अधिकारी फील्ड में उतर गए हैं। सायरन बजाकर गांव वालों को सचेत किया जा रहा है। पुलिसवाले भी लोगों को नदी किनारे न जाने और घर से कीमती चीजों को समेटने के लिए कह रहे हैं। इधर, प्रदेश के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बदायूं में गंगा और रामगंगा खतरे के निशान के पार चली गई हैं। एक मकान कटान की चपेट में आकर गंगा में समा गया। रामगंगा नदी बदायूं-शाहजहांपुर हाईवे के ऊपर से बह रही है। चंदौली में मूसाखांड और लतीफशाह बांध लबालब भर गए हैं। उनके गेट खोल दिए गए हैं। झांसी का सुकवा-ढुकवा बांध ओवरफ्लो हो गया है। लखीमपुर में शारदा नदी पर बने ‘तमोलिन पुरवा’ बांध का एक हिस्सा कट गया है। ललितपुर में खेड़ार नदी का पानी पुल के करीब 3 फीट ऊपर से बह रहा है। सिरसी पुल भी डूब गया है। वाराणसी में गंगा और प्रयागराज में यमुना का जलस्तर फिलहाल स्थिर है, लेकिन अभी भी सभी घाट डूबे हुए हैं। सड़कों और छतों पर अंतिम संस्कार करवाया जा रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें 31 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं बुधवार सुबह से गाजियाबाद और झांसी समेत 35 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। कानपुर में देर रात साढ़े 12 बजे से दोपहर एक बजे तक तेज बारिश हुई। सड़कें-गलियां तालाब बन गईं। लखनऊ में शाम 4 बजे से जोरदार बारिश हुई। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और यूपी के ऊपर सक्रिय मानसूनी हवाओं के असर से अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 2-3 दिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज किन जिलों में बारिश हो सकती है, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

