BJP Leader Family Case: सूरत में बीजेपी की एक महिला नेता की पुत्रवधू की मौत का मामला सामने आया है। मामला बीजेपी महिला विंग की पूर्व उपाध्यक्ष से जुड़ा है। उनके बेटे के खिलाफ अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा घटनाक्रम
सूरत में बीजेपी महिला विंग की पूर्व उपाध्यक्ष शशि सिंह की पुत्रवधू का शव मंगलवार को कमरे में मिला था। महिला नेता के बेटे सौरभ सिंह पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। मामले में आरोपी सौरभ सिंह की एक महिला मित्र का नाम भी शामिल होना बताया गया है।
बीजेपी की महिला नेता शशि सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने अपनी बहू को बेडरूम में मृत पाया। उस वक्त घर पर कोई नहीं था। इसके बाद उन्होंने अपने पति संजय सिंह और बेटे सौरभ को फोन किया। परिवार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है, लेकिन बीते लंबे समय से सूरत में रह रहा है।
दो साल पहले हुई थी शादी
मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली निधि सिंह ने दो साल पहले सौरभ सिंह से शादी की थी। मृतका के परिवार का आरोप है कि सौरभ का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
मृतका के परिजनों ने दर्ज कराई FIR
निधि सिंह की मौत की खबर मिलने के बाद उनके भाई आदित्य कुमार सूरत पहुंचे और सौरभ सिंह तथा उसकी महिला मित्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर कदोदरा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं को लागू किया गया है।
आदित्य कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सौरभ सिंह और उसकी महिला मित्र के बीच कथित अफेयर था और निधि से शादी करने से पहले भी वे रिश्ते में थे। शिकायत में कहा गया है कि निधि को अपने पति के कथित रिश्ते के बारे में पता चल गया था और उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे।

