सागर में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकाला। जुलूस सदर इलाके से शुरू हुआ जो भगवानगंज चौराहा होते हुए कटरा बाजार पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया है। इस दौरान जुलूस में झांकियां भी शामिल हुई। रास्तेभर लोगों ने धार्मिक नारों के साथ पर्व की खुशी मनाई और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस दौरान शहर और देश की शांति, सुख-समृद्धि और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। ईद मिलादुन्नबी इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की याद में मनाया जाता है। इस दिन मुस्लिम समाज के लोग पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं और उनके बताए इंसानियत, शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश को याद करते हैं। मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत की जाती है और जरूरतमंदों की मदद के साथ लोगों को आपसी सौहार्द का संदेश दिया जाता है। सागर में सदर इलाके से जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और शामिल लोगों का अभिनंदन किया। कटरा क्षेत्र में भी जुलूस का स्वागत किया गया। सुरक्षा में तैनात रहा पुलिस बल
जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और जुलूस की निगरानी करते नजर आए। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्वक निकाला गया। पर्व के दौरान शहर में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।

