Dia Mirza Democracy Statement: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा अपनी फिल्मों के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए भी जानी जाती हैं। हाल ही में बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने लोगों की आवाज दबाने की कोशिशों और लोकतंत्र में सवाल पूछने की जरूरत पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी स्वस्थ रह सकता है, जब लोग एक-दूसरे से सवाल पूछ सकें और उनके सवालों को सुनने की क्षमता भी रखें।
‘लोगों की आवाज बंद करने की कोशिशें गलत’
राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने को लेकर दीया मिर्जा ने कहा कि वो लोगों की आवाज दबाने की कोशिशों को गलत मानती हैं। उनका कहना था कि जब तक ऐसी कोशिशें बंद नहीं होतीं, तब तक वो और दूसरे लोग अपनी बात कहते रहेंगे और लोकतंत्र में सवाल पूछने की अहमियत याद दिलाते रहेंगे।
दीया मिर्जा ने ये भी कहा, “मैं बिल्कुल नहीं हिचकिचाऊंगी ये कहने में कि लोगों को डिस्क्रेडिट करने और उनकी आवाज को बंद करने की कोशिशें बहुत गलत हैं। यह बंद होना जरूरी है।”
सोशल मीडिया पर भी आईं मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
दीया मिर्जा के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि वह हमेशा एक रत्न बनी रहेंगी और उनके विचार जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं।
वहीं, कुछ यूजर्स ने उनके बयान से असहमति भी जताई। एक कमेंट में राजनीतिक व्यवस्था को लेकर तंज कसा गया, जबकि दूसरे यूजर ने लिखा कि “आप जैसे लोगों के कारण लोकतंत्र बकवास है।” इस तरह दीया के बयान पर सोशल मीडिया पर समर्थन के साथ-साथ विरोध भी देखने को मिला। दरअसल, ये पहली बार नहीं है जब दीया मिर्जा ने किसी सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी हो। वो कई मौकों पर पर्यावरण, महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर अपनी राय जाहिर करती रही हैं। इस बार भी उनके बयान ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है।




