अनूपशहर में ‘हर-हर महादेव’ की गूंज:पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक; महामंडलेश्वर बोले- ‘इससे मिलता है मोक्ष’

अनूपशहर में ‘हर-हर महादेव’ की गूंज:पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक; महामंडलेश्वर बोले- ‘इससे मिलता है मोक्ष’

बुलंदशहर में श्रावण मास के पावन अवसर पर अनूपशहर के मस्तराम गंगा घाट पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। वैदिक ज्योतिष संस्थान के तत्वावधान और महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में भव्य पार्थिव शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पवित्र गंगा तट पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ देवाधिदेव महादेव की आराधना की। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य गौरव शास्त्री, रवि शास्त्री, शिवम शास्त्री, विनीत शास्त्री और गौरव वेदपाठी सहित अन्य आचार्यों द्वारा मां गंगा, भगवान गणेश और शिव परिवार के विधिवत आवाहन व पूजन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से बनाए गए पार्थिव शिवलिंगों का दूध, दही, घी, शहद, बूरा, पंचामृत, गुलाबजल, केवड़ा जल, भांग, गन्ने के रस और विभिन्न फलों के रस से अभिषेक किया। अभिषेक के पश्चात भगवान शिव का मनमोहक और भव्य श्रृंगार किया गया। पार्थिव शिव पूजन से खुलता है मोक्ष का मार्ग अनुष्ठान के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलयुग में पार्थिव शिवलिंग का पूजन अत्यंत फलदायी है। पवित्र गंगा तट पर किया गया यह पूजन श्रद्धालुओं को सांसारिक सुखों (भोग) के साथ-साथ मोक्ष का मार्ग भी प्रदान करता है। शिव महापुराण का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि यह पूजन धन-धान्य, आरोग्य और संतान प्राप्ति सहित अनेक आध्यात्मिक लाभ देने वाला है। उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब पूजन और रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन में ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, शिवनारायण शर्मा, तेजवीर सिंह जादौन, डौली सिंह, रजनीश वार्ष्णेय, नेहा गुप्ता, संजय नवरत्न समेत सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *