सहारनपुर में घर से चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार:जेवरात बेचने जा रहे थे, पुलिस ने दबोचकर माल बरामद किया

सहारनपुर में घर से चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार:जेवरात बेचने जा रहे थे, पुलिस ने दबोचकर माल बरामद किया

सहारनपुर पुलिस ने घर में घुसकर जेवरात चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार दोपहर तीन बजे यह कार्रवाई की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। यह मामला बेहट थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर कांसेपुर का है। बरामद जेवरात में चांदी जैसी सफेद धातु के जेवरों के साथ पीली धातु की झुमकी और नाक की लौंग शामिल हैं। इनमें छह जोड़ी पाजेब, तीन जोड़ी मंगलसूत्र मय चेन, एक मंगलसूत्र लॉकेट, एक जोड़ी कंगन, एक हार, एक रामनौमी और एक जोड़ी हथफूल भी शामिल हैं। इस मामले में गांव बहरामपुर कांसेपुर की निवासी मोनी उर्फ मोनिका ने 24 अगस्त को बेहट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मोनिका के अनुसार, उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने काका, अमरीश और चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सीओ प्रिया यादव ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने गांव सढौली भूड़ पुलिया से गांव गंदेवड़ जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर अमरीश, आकाश उर्फ चंदन, काका और इल्ताफ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, इल्ताफ का नाम जांच के दौरान सामने आया था। तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी से संबंधित जेवर बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अमरीश के खिलाफ वर्ष 2022 में बेहट थाने में मारपीट, बलवा और छेड़छाड़ सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इल्ताफ उर्फ अल्ताफ के खिलाफ वर्ष 2020 में मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। काका के खिलाफ वर्ष 2025 में चोरी और बरामदगी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस अब बरामद जेवरों की पहचान कराने के साथ यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने क्षेत्र में अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *