नेपाल में बाढ़: चंद सेकेंड में बह गई इमारतें और पुल, 105 भारतीय टूरिस्ट लापता, बाढ़ के सामने आए वीडियो

नेपाल में बाढ़: चंद सेकेंड में बह गई इमारतें और पुल, 105 भारतीय टूरिस्ट लापता, बाढ़ के सामने आए वीडियो

Nepal Flood Update: काठमांडू। नेपाल के उत्तरी जिले रसुवा में बुधवार सुबह भोट कोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के तेज बहाव में देखते ही देखते पक्के मकान और पुल ताश के पत्तों की तरह ढह गए। इस आपदा में कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 105 भारतीय नागरिकों समेत 384 पर्यटकों के लापता होने की सूचना है।

भोट कोशी नदी, जो तिब्बत से निकलकर नेपाल की त्रिशूली नदी में मिलती है और आगे चलकर भारत में गंडक नदी के रूप में प्रवेश करती है, में तिब्बत की ओर से सुबह करीब 9 बजे अचानक जलस्तर बढ़ गया। बाढ़ ने रसुवा सीमा पर स्थित तिमुरे बाजार और सीमा शुल्क (कस्टम) क्षेत्र को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।

कई बस्तियां प्रभावित, 30 सेकेंड में बह गया पुल

द काठमांडू पोस्ट‘ की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरगया ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष चमेली गुरुंग के अनुसार, स्याफ्रुबेसी, बेत्रावती, मैलुंग, सालेतार, शांतिबाजार, पारेबेसी और त्रिशूली सहित करीब एक दर्जन बस्तियां इस आपदा की चपेट में आई हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए दिल दहला देने वाले वीडियो में कीचड़ से भरा पानी सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और मकानों को बहाकर ले जाता दिख रहा है। एक वीडियो में एक पक्का पुल महज 30 सेकेंड में बीच से टूटकर पानी के प्रचंड वेग में बह गया। वहीं, एक अन्य वीडियो में जलमग्न बसों के पास एक मां अपनी लापता बेटी की तलाश में बिलखती नजर आई।

105 भारतीय पर्यटक लापता

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाके में कुल 384 पर्यटकों के लापता होने की सूचना है। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक बताए गए हैं। विदेशी पर्यटकों में 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों की ओर से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

430 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप, राहत कार्य जारी

नेपाल विद्युत प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ के कारण पनबिजली और सौर ऊर्जा संयंत्रों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे लगभग 430 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप्प हो गया है और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। नेपाली सेना और नेपाल पुलिस की टीमें प्रभावित इलाकों में व्यापक बचाव अभियान चला रही हैं।

पुलिस प्रवक्ता अबी नारायण काफ्ले ने समाचार एजेंसी AFP बताया कि तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा जिलों में भी त्रिशूली नदी के किनारे रहने वाले लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *