बैतूल में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के रूप में बैतूल में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। बारिश के बावजूद शहर में निकाले गए जुलूसों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अलग-अलग इलाकों से निकले जुलूस कोठी बाजार स्थित जामा मस्जिद पहुंचे। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मेधावी विद्यार्थियों और एमबीबीएस छात्रों को भी सम्मानित किया गया। बारिश के बीच निकला जुलूस ईद मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। घरों, मस्जिदों और प्रमुख स्थानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। दारुल उलूम रहमानिया संस्थान, फांसी खदान और गंज क्षेत्र से जुलूस निकाले गए। बारिश के बावजूद अकीदतमंद जुलूस में शामिल होते रहे। धार्मिक नारों और उत्साह के साथ जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए जामा मस्जिद पहुंचा। गंज में दिखी भाईचारे की तस्वीर गंज क्षेत्र में जुलूस के दौरान शहर की गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश नजर आया। बारिश के बीच स्वागत की यह तस्वीर लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। जामा मस्जिद में नात और तकरीर कोठी बाजार स्थित जामा मस्जिद चौक पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी की ओर से मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नात ख्वानी और तकरीर हुई।धर्मगुरुओं ने पैगंबर-ए-इस्लाम के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए मानवता, अमन और भाईचारे का संदेश दिया। जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद जावेद चिश्ती ने मुख्य उद्बोधन दिया। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान इस बार आयोजन में शिक्षा को भी प्रमुखता दी गई। अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मुस्लिम समाज के विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसके अलावा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्रों का भी सम्मान किया गया। आयोजन समिति ने इस पहल के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। जगह-जगह हुआ लंगर का आयोजन ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर लंगर लगाए गए। जुलूस के रास्तों पर लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई। आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा गया। जिले के कई क्षेत्रों में निकले जुलूस बैतूल शहर के अलावा मुल्ताई, आठनेर, सारणी, आमला, भैंसदेही और चिचोली में भी ईद मिलादुन्नबी के जुलूस निकाले गए। जिलेभर में मुस्लिम समाज के लोगों ने धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ पर्व मनाया। देखें तस्वीरें:-

