पाकिस्तान के इस्लामाबाद में PIMS अस्पताल में भीषण आग, 14 नवजात बच्चों की मौत

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में PIMS अस्पताल में भीषण आग, 14 नवजात बच्चों की मौत

14 infants die in Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक अस्पताल में बुधवार को लगी भीषण आग की चपेट में आने से 14 नवजात बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के स्त्री रोग वार्ड में हुआ। हादसे के समय नर्सरी में 15 नवजात बच्चे भर्ती थे, जिनमें से सिर्फ एक बच्चे को बचाया जा सका।

कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PIMS अस्पताल की नर्सरी में सुबह करीब 6:45 बजे एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फट गया, जिसके चलते आग लग गई। आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। एमसीएच वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी इस आग में 14 बच्चों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को बचा लिया गया।

PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि वार्ड में 15 नवजात बच्चे भर्ती थे। घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सुबह करीब 7 बजे लगी आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि एक नवजात बच्चे की जान डॉक्टर ने बचाई।

दमकल ने आग पर पाया काबू

जिला प्रशासन ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान में छह दमकल गाड़ियों और चार एंबुलेंस ने हिस्सा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है। इस हादसे के कारणों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, समिति आग लगने के कारणों की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

इमारत में चल रहा था मरम्मत का काम

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल की नर्सरी ऐसी इमारत में स्थित थी, जहां मरम्मत और नवीनीकरण का काम चल रहा था। आग लगने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने मरीजों को इमारत से बाहर निकलने के लिए कहा। जिन महिलाओं ने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया था, उन्हें भी अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरना पड़ा।

इस्लामाबाद का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है PIMS

1985 में स्थापित PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। यह राजधानी के सबसे पुराने अस्पतालों में से एक है। यहां कई अस्पताल और चिकित्सा शिक्षण संस्थान भी संचालित होते हैं। करीब 140 एकड़ में फैले इस अस्पताल में लगभग 1,300 बेड हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *