अमेरिका ने दुनियाभर में रोके वीजा अपॉइंटमेंट, जानिए भारतीय आवेदकों पर इसका क्या पड़ेगा असर

अमेरिका ने दुनियाभर में रोके वीजा अपॉइंटमेंट, जानिए भारतीय आवेदकों पर इसका क्या पड़ेगा असर

US Visa: अमेरिकी वीजा का इंतजार कर रहे लाखों भारतीयों और दुनिया भर के आवेदकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेशन नियमों को सख्त करते हुए दुनियाभर में स्थित अपने सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में फिलहाल वीजा अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। इस अचानक लिए गए फैसले के बाद से उन लोगों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने आने वाले दिनों के लिए अपने स्लॉट बुक कर रखे थे।

विदेश विभाग का ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि दूतावासों में कार्यरत कॉन्सुलर अधिकारियों के लिए एक विशेष ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य वीजा आवेदनों की जांच प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सख्त और एकसमान बनाना है। अमेरिका यह चाहता है कि भविष्य में आने वाले आवेदक अमेरिकी सरकारी संसाधनों या सुविधाओं पर निर्भर न हों। वहीं विदेश विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह रोक कितने दिनों तक लागू रहेगी और नई तारीखें कब जारी होंगी।

आवेदकों को भेजे जा रहे हैं ई-मेल

जिन आवेदकों ने पहले से इमिग्रेंट वीजा इंटरव्यू के लिए समय लिया हुआ था, उन्हें अमेरिकी दूतावास की ओर से ई-मेल भेजे जाने लगे हैं। इन मैसेज में बताया गया है कि फिलहाल उनके अपॉइंटमेंट का शेड्यूल बदला जा रहा है और जल्द ही उन्हें नए समय की जानकारी दी जाएगी। अचानक हुए इस बदलाव से विशेष रूप से भारतीय छात्रों, कारोबारियों और अमेरिका में रह रहे परिजन सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

नीतियों पर कड़े नियम

इमिग्रेशन पर कसे जा रहे इस शिकंजे के बीच ट्रंप प्रशासन को कानूनी मोर्चे पर भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक अमेरिकी अदालत ने उस फैसले को रद्द कर दिया था, जिसके तहत 75 देशों के नागरिकों के इमिग्रेंट वीजा पर रोक लगाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद भी प्रशासन सुरक्षा प्राथमिकताओं का हवाला देते हुए कड़े कदम उठाने में जुटा हुआ है।

पर्यटन और बिजनेस वीजा पर भी रोक

अमेरिकी प्रशासन 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए उन B1 (बिजनेस) और B2 (टूरिस्ट) वीजा को भी रद्द करने की योजना बना रहा है, जिनके धारकों ने अमेरिका पहुंचकर शरण के लिए आवेदन किया है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इससे जुड़ा आधिकारिक फरमान भी जारी किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *