ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरी किशोरी, दूसरी गाड़ी ने रौंदा:शाहजहांपुर में जल लेने गई थी, फर्रुखाबाद में तोड़ा दम, 11वीं की छात्रा थी

ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरी किशोरी, दूसरी गाड़ी ने रौंदा:शाहजहांपुर में जल लेने गई थी, फर्रुखाबाद में तोड़ा दम, 11वीं की छात्रा थी

शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने के बाद एक चार पहिया वाहन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोरी पल्लवी द्विवेदी की मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरदोई जनपद के मैकूपुर गांव निवासी सोमदेव द्विवेदी अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ कांवड़ भरने के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट आए थे। वे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर शाहजहांपुर जनपद के एक मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। बुधवार सुबह जल भरकर लौटते समय, शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के गांव इमलिया के पास यह हादसा हुआ। बीच वाली ट्रॉली में सवार सोमदेव द्विवेदी की 16 वर्षीय बेटी पल्लवी अचानक नीचे गिर गई। गिरते ही एक चार पहिया वाहन उसके ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पल्लवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में शोक छा गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी है। पल्लवी अपने चार भाई-बहनों प्रशांत, प्रिया और आयुषी में सबसे छोटी थी। वह कक्षा 11 की छात्रा थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *