महोबा मूसलाधार बारिश के कारण एक मकान ढह गया। इस हादसे में बुजुर्ग चतुर्भुज (70) और उनकी पत्नी मन्नी देवी (68) की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना मंगलवार रात श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव में हुई, जहां 5 साल की नातिन भी घायल हो गई। जिले में लगातार सात घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद यह हादसा हुआ। सिजहरी गांव निवासी चतुर्भुज का पक्का मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त बुजुर्ग दंपति मकान के एक हिस्से में सो रहे थे और मलबे के नीचे दब गए। मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे उनके बेटे, बहू और 5 साल की नातिन बाल-बाल बच गए। हालांकि, मासूम बच्ची को मामूली चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।लगातार बारिश के कारण इलाके में भीषण जलभराव हो गया था और नाले उफान पर थे। इस वजह से राहत बचाव के लिए बुलाई गई जेसीबी मशीन और एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं।
पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर हाथों से मलबा हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बुजुर्गों को बाहर निकाला गया। उन्हें एंबुलेंस से महोबा जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया और शवों को मोर्चरी में रखवा दिया। अस्पताल के डॉक्टर दीपक ने बताया कि मकान ढहने से दो बुजुर्गों की मौत हुई है, जबकि एक बच्ची घायल हुई है।

