झज्जर शहर में पिछले करीब 20 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे थे। बारिश के मौसम में सड़कों और गलियों में जमा गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा था। शहरवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों और मांगों के बाद प्रशासन ने देर रात कूड़ा उठाने के लिए कार्रवाई शुरू की। लेकिन सफाई कर्मचारियों को जैसे ही इसकी भनक लगी, वह भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद देर रात तक झज्जर शहर में प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच आंख-मिचौली का खेल चलता रहा। प्रशासन जिस जगह से कूड़ा उठवाने पहुंचता, सफाई कर्मचारी वहां पहुंचकर विरोध शुरू कर देते। विरोध बढ़ने पर टीम दूसरी जगह पहुंचती तो कर्मचारी वहां भी पहुंच जाते। रात करीब 9 बजे तक यह सिलसिला चलता रहा। भगत सिंह चौक पर पहली कार्रवाई, कर्मचारियों को लिया हिरासत में जैसे-जैसे रात बढ़ी, प्रशासन ने पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी। सबसे पहले भगत सिंह चौक पर सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की गई। कर्मचारियों ने इसका जमकर विरोध किया। विरोध के दौरान पुलिस की ओर कूड़ा फेंकने की भी बात सामने आई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई जारी रखी। देर रात करीब एक बजे पुलिस बल भट्टी गेट पहुंचा, जहां सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। भट्टी गेट पर जमकर हुआ हंगामा, पुलिस पर फेंकी राख और गंदगी भट्टी गेट पर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब सफाई कर्मचारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कूड़ा, राख और अन्य गंदगी पुलिसकर्मियों की ओर फेंकना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कर्मचारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान झज्जर शहर से करीब 60 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद प्रशासन की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच शहर में जगह-जगह जमा कूड़े को उठवाने और सफाई करवाने का काम शुरू किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार झज्जर अंशुल के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। प्रशासन का फोकस शहर में जमा कूड़े को हटाकर आम लोगों को राहत देने पर रहा। बहादुरगढ़ में भी देर रात कार्रवाई, 40 कर्मचारी हिरासत में झज्जर के साथ-साथ बहादुरगढ़ शहर में भी प्रशासन ने देर रात सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां करीब 40 कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में शहर में जमा कूड़ा उठवाने की कार्रवाई की। 20 दिन से हड़ताल पर कर्मचारी, सरकार से बातचीत रही विफल गौरतलब है कि सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले करीब 20 दिनों से हड़ताल और प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों की सरकार के साथ बातचीत भी हुई, लेकिन वार्ता विफल रहने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया। सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर शहरों में लगातार जमा हो रहे कूड़े को लेकर आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही थी। इसी बीच प्रशासन की देर रात की कार्रवाई ने मामले को और गरमा दिया है। अब देखना होगा कि हिरासत में लिए गए कर्मचारियों की कार्रवाई के बाद सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत का कोई रास्ता निकलता है या सफाई कर्मचारियों का आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

