‘खान सर से मेरी जान को खतरा’, युवती ने लगाया आरोप, पटना पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

‘खान सर से मेरी जान को खतरा’, युवती ने लगाया आरोप, पटना पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

Khan Sir News: पटना में खान सर को लेकर एक युवती की शिकायत के बाद मामला चर्चा में है। हुस्नारा खातून ने पीरबहोर थाने में आवेदन देकर खान सर से अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है। 

Khan Sir allegations: देश के जाने-माने शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। पटना के पीरबहोर थाने में एक युवती ने उनके खिलाफ आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता हुस्नारा खातून ने खान सर से अपनी जान को गंभीर खतरा बताया है और पुलिस से तत्काल सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का दावा है कि उसके पास खान सर के शुरुआती दिनों से जुड़े कई व्यक्तिगत और संवेदनशील राज हैं, जिसके चलते उसके साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना या अनहोनी हो सकती है।

प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

हुस्नारा खातून ने 2016 से 2018 के बीच हुई घटनाओं को लेकर कई आरोप लगाए। युवती के अनुसार, वउस दौरान वह सिलाई-कढ़ाई और प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाकर अपना गुजारा करती थी। उसकी रूम पार्टनर सबीना खातून खान सर की कोचिंग में पढ़ती थी और दोनों के बीच संबंध थे। हुस्नारा का आरोप है कि खान सर हर हफ्ते उनके कमरे पर आते थे और घंटों रूम बंद रहता था, जिसके कारण उसे बाहर या छत पर वक्त गुजारना पड़ता था। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। युवती का कहना है कि विरोध करने के बाद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से अत्यधिक प्रताड़ित किया गया।

पुलिस और फर्जी कॉल्स के जरिए डराने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि खान सर ने अपनी परिचित एक महिला सिपाही के जरिए उस पर झूठे केस का दबाव बनाया। इसके अलावा सुल्तानगंज थाने और बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के नाम से उसके घर और रिश्तेदारों के फोन पर कॉल करवाकर डराया-धमकाया गया कि पूरी फैमिली को जेल भेज दिया जाएगा। हुस्नारा ने कहा कि उस दौरान वह मानसिक रूप से इस कदर टूट चुकी थी कि उसने कोचिंग संस्थान के सामने जाकर मीडिया के सामने जान देने का फैसला कर लिया था। हालांकि, बाद में एक रिश्तेदार के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था।

युवती ने की सुरक्षा की मांग

हुस्नारा खातून ने बताया कि वर्षों पुराना मामला होने के बावजूद उसके मन में अपनी जान को लेकर डर बैठ गया है। युवती का कहना है कि जब बड़े-बड़े मामलों में अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं, तो उसकी क्या हैसियत है। युवती ने आशंका जताई कि उसके पास कई जानकारियां हैं, इसलिए खान सर उसके साथ कोई बड़ा हादसा करवा सकते हैं। इसी डर और मानसिक तनाव के कारण उसने पीरबहोर थाने में औपचारिक आवेदन देकर पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में DSP राजेश रंजन ने बताया कि 23 तारीख को पीरबहोर थाने में हुस्नारा खातून की ओर से एक लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें उन्होंने खान सर से अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। शिकायत मिलने के बाद, एक महिला पुलिस अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा गया और शिकायतकर्ता का विस्तृत बयान दर्ज किया गया। राजेश रंजन ने कहा है कि आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच चल रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *