संभल SP ने फोर्स के साथ 3 KM पेट्रोलिंग की:बारावफात जुलूस पर ड्रोन-CCTV से निगरानी, अराजकतत्वों पर कार्रवाई होगी

संभल SP ने फोर्स के साथ 3 KM पेट्रोलिंग की:बारावफात जुलूस पर ड्रोन-CCTV से निगरानी, अराजकतत्वों पर कार्रवाई होगी

संभल के बारावफात के जुलूस को लेकर संभल पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार रात एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने चार थानों की पुलिस, पीएसी और आरपीएफ जवानों के साथ संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसके बाद करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। एसपी रात करीब 8:15 बजे शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पहुंचे। यहां से फोर्स के साथ 46 साल बाद खुले कार्तिकेय महादेव मंदिर और सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के दीपा सराय स्थित आवास बर्क मंजिल के आसपास के इलाकों से होते हुए फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस ने जुलूस मार्ग के साथ-साथ संवेदनशील और हॉटस्पॉट चिन्हित क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर नजर रखने के लिए अलग टीम लगाई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बारावफात के बाद रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहार भी हैं। ऐसे में पुलिस ने विभिन्न आयोजनों और बाजारों को सूचीबद्ध कर क्षेत्रवार पुलिस बल की तैनाती का प्लान तैयार किया है। पांच जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया जिला डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पूरे जिले को 5 जोन और 16 सेक्टर में बांटकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में PRV समेत अन्य माध्यमों से लगातार गश्त की जा रही है। डीएम के मुताबिक बारावफात के जुलूस को लेकर पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं। थाना और मोहल्ला स्तर पर भी लोगों के साथ बैठक कर संवाद किया गया है। जुलूस निर्धारित मार्ग से निकालने और त्योहार शांतिपूर्वक मनाने पर सभी पक्षों ने सहमति जताई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *