सीएस प्रोफेशनल, एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में चमके शहर के विद्यार्थी, शीर्ष 25 टॉपर्स में 12 ने बनाई जगह

सीएस प्रोफेशनल, एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में चमके शहर के विद्यार्थी, शीर्ष 25 टॉपर्स में 12 ने बनाई जगह

Ahmedabad. भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आइसीएसआइ) की ओर से जून 2026 में ली गई प्रोफेशनल प्रोग्राम और एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम की परीक्षा के मंगलवार को घोषित परिणाम में अहमदाबाद चैप्टर के विद्यार्थी चमके हैं। दोनों प्रोग्राम के ऑल इंडिया के शीर्ष 25 टॉपर्स की सूची में 12 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। इसमें प्रोफेशनल प्रोग्राम में पांच और एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में सात विद्यार्थी शामिल हैं।

आइसीएसआइ सेंट्रल काउंसिल मैम्बर राजेश तारपरा ने बताया कि बीते 10 सालों में इन दोनों प्रोग्राम में पहली बार 12 विद्यार्थी अहमदाबाद चैप्टर से ऑल इंडिया 25 टॉपर्स की सूची में शामिल हुए हैं। प्रोफेशनल प्रोग्राम के 5 टॉपर्स में एक छात्र और चार छात्राएं हैं, जबकि एक्जीक्यूटिव के सात टॉपर्स में एक छात्रा और छह छात्र हैं।

प्रोफेशनल प्रोग्राम में राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर की मूल निवासी और फिलहाल मणिनगर में रहने वाली भूमिका सरावगी ने 700 में से 399 अंक प्राप्त करते हुए देश में 12वां और चैप्टर में पहला स्थान पाया वहीं 393 अंक के साथ पूजा झा ने देश में 17वीं और चैप्टर में दूसरी रैंक प्राप्त की। 390 अंक के साथ अंजली प्रजापति ने देश में 19वीं, उर्वशी रामाणी ने 389 अंक के साथ 20वीं रैंक और विजय मेनानी ने 388 अंक के साथ देश में 21वीं रैंक पाई।

एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में पिया देश में तीसरे स्थान पर

एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम कोर्स में 700 में से 428 अंक के साथ पिया मर्चेंट देश में तीसरे व चैप्टर में पहले स्थान पर रहीं। ध्रुव मिस्त्री ने 403 अंक के साथ देश में नौवां व चैप्टर में दूसरा स्थान पाया। अथर्व झा ने 395 अंक के साथ देश में 11वां, प्रथम पटेल ने 394 अंक के साथ 12वां और पृथ्वीराज गोहेल ने 389 अंक के साथ 16वां स्थान प्राप्त किया। ध्रुव सोनी 387 अंक के साथ देश में 17वें और रेनिश पटेल 385 अंक के साथ 18वें स्थान पर रहे।

प्रोफेशनल के ग्रुप वन में 35 फीसदी परिणाम

आइसीएसआइ अहमदाबाद चैप्टर के अध्यक्ष जयमिन त्रिवेदी ने बताया कि अहमदाबाद चैप्टर से प्रोफेशनल प्रोग्राम के ग्रुप वन में 376 विद्यार्थियों में से 132 उत्तीर्ण हुए। परिणाम 35.11 फीसदी रहा, जबकि ग्रुप दो में परीक्षा देने वाले 335 में से 106 विद्यार्थी पास हुए और परिणाम 31.64 फीसदी रहा। एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम के ग्रुप वन में 751 में से 213 और ग्रुप दो में 640 में से 174 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *