सिंगरौली जिले के बैढ़न जिला मुख्यालय में मंगलवार शाम एक चलती कार सड़क पर पानी से भरे गहरे गड्ढे में धंस गई। यह घटना कचनी विजय बंधु पेट्रोल पंप के पास अल्ट्राटेक ट्रैक्टर एजेंसी और शराब दुकान के समीप हुई। गनीमत रही कि कार चालक को कोई चोट नहीं आई। विंध्यनगर निवासी अशोक कुमार अपनी कार से बैढ़न की ओर आ रहे थे। सड़क किनारे दूसरे वाहन को साइड देते समय उनकी कार पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भरा होने से उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग सका। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में आए दिन वाहन इन गड्ढों में फंस रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बारिश के कारण शहर की कई सड़कों को नुकसान हुआ है। मरम्मत के लिए एक टीम लगातार सर्वेक्षण कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बारिश का दौर थमते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

