East Zone vs North East Zone Highlights: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले क्वार्टरफाइनल में ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 पर खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट जोन की टीम ने 467 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे स्टार खिलाड़ियों का बल्ला नहीं चला, लेकिन शहबाज अहमद के 167 और सुदीप कुमार के 146 रनों की बदौलत ईस्ट जोन ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
111 रन पर ढेर हो गई थी नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी
जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी सिर्फ 111 रन पर ढेर हो गई, जिसमें अभिजीत सरकार ने 5 और शहबाज अहमद ने तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद शमी ने 9 ओवर की गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। वहीं, मुकेश कुमार ने 6 ओवर में 9 रन देकर एक विकेट हासिल किया। एक विकेट अनुकूल रॉय को मिला।
दूसरी पारी में 146 रन पर हुई ढेर
इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और एक बार फिर पूरी टीम 146 रन पर ढेर हो गई। दूसरी पारी में अनुकूल रॉय ने 5 विकेट चटकाए, तो वैभव सूर्यवंशी को दो सफलताएं हासिल हुईं। इसके अलावा मुकेश कुमार, शहबाज अहमद और अभिजीत सरकार को एक-एक विकेट मिला। मोहम्मद शमी ने इस पारी में भी 5 ओवर की गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
अब सेमीफाइनल में ईस्ट जोन का सामना सेंट्रल जोन या साउथ जोन से होगा। आपको बता दें कि सेंट्रल जोन और साउथ जोन पिछले संस्करण की फाइनलिस्ट रही थीं, जिसकी वजह से उन्हें सीधे सेमीफाइनल में जगह मिली है। दूसरे क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन का सामना वेस्ट जोन से हो रहा है और इस मुकाबले को जीतने वाली टीम भी सेमीफाइनल में पहुंचेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 30 अगस्त से शुरू होंगे और खिताबी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 6 सितंबर से खेला जाएगा।





