दहेज में 5 लाख और बाइक की मांग:भदोही में विवाहिता ने ससुराल वालों पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप, 6 पर केस

दहेज में 5 लाख और बाइक की मांग:भदोही में विवाहिता ने ससुराल वालों पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप, 6 पर केस

भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के रामापुर गांव में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता सोनाली जायसवाल की शिकायत पर सास, ससुर, देवर, जेठ, जेठानी और देवरानी सहित छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रामापुर निवासी सोनाली जायसवाल का विवाह शुभम जायसवाल से 25 नवंबर 2022 को हुआ था। सोनाली का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनसे 5 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उन्हें और उनके पति को घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। पीड़िता के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:30 बजे यह विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर सोनाली और उनके पति के साथ लोहे की रॉड और लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने इस घटना से संबंधित फोटो और वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में मुन्नी देवी (सास), रामलखन जायसवाल (ससुर), नीरज जायसवाल (देवर), अम्बुज जायसवाल (जेठ), मोनी जायसवाल (जेठानी) और गुंजा जायसवाल (देवरानी) को नामजद किया गया है। ज्ञानपुर पुलिस ने एफआईआर संख्या 0223/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 115(2), 352, 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में आगे की कानूनी और विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *