दमोह के नरसिंहगढ़ में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे एक ट्रक ड्राइवर अपनी मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की है। उसने टावर पर चढ़ने के बाद अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी मिली। कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़ा युवक युवक की पहचान बाजार मोहल्ला निवासी हेमंत प्रजापति(40) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दी, लेकिन हेमंत नीचे आने को तैयार नहीं है। उसका कहना है कि जब तक कलेक्टर मौके पर आकर उससे मुलाकात नहीं करते, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हेमंत ने पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि ट्रांसपोर्टर उसे जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं, जबकि उसने कोई अपराध नहीं किया है। हेमंत ने यह भी बताया कि उसका ब्रेन का ऑपरेशन हो चुका है और कंपनी की वजह से उसके सामने यह स्थिति बनी है। पांच साल से आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने हेमंत की पत्नी से मुलाकात की। पत्नी के अनुसार, परिवार पिछले करीब पांच साल से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। हेमंत पहले ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते थे, लेकिन पांच साल पहले एक दुर्घटना में घायल होने के बाद उनकी नौकरी छूट गई। इसके बाद उन्हें न तो काम मिल सका और न ही मुआवजा मिला, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। चौकी प्रभारी बोले- लिखित शिकायत दें चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने हेमंत की पत्नी को बताया कि पन्ना जिले के सिमरिया थाने में एक सड़क हादसे का मामला दर्ज है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि यदि परिवार को किसी तरह की समस्या है तो उसे लिखित में दिया जाए, ताकि उनकी बात प्रशासन तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि टावर पर चढ़ने से समस्या का समाधान नहीं होगा। हेमंत जिस मोबाइल फोन को लेकर टावर पर चढ़ा था, कुछ देर बाद उसने उसे बंद कर दिया। इसके चलते अब उससे फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजन भी पुलिस के साथ मिलकर उसे नीचे उतरने के लिए समझा रहे हैं, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार समझाइश दी जा रही है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

