Mojtaba Khamenei New video : तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पहली बार उनकी आवाज सुनाई दी है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने एक दुर्लभ और बिना तारीख वाला वीडियो जारी किया है, जिसमें 56 वर्षीय खामेनेई एक धार्मिक अकादमिक अध्ययन सत्र की अध्यक्षता करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह एक छात्र के शोध-पत्र (थीसिस) को ध्यान से सुन रहे हैं और उस पर अपना फीडबैक दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्वास्थ्य को लेकर उठ रहे थे सवाल
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को संयुक्त अमरीकी-इजराइली हमलों में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। हालांकि, उनके पद संभालने से पहले और उसके बाद ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि हमले में मोजतबा भी घायल हुए थे और उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। रिपोर्टों के अनुसार, उनका इलाज चल रहा है।
हमले के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। यहां तक कि पिछले महीने अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी उनकी सार्वजनिक मौजूदगी नहीं देखी गई थी। इसके बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं।
ईरान की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कई वीडियो जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इनमें से किसी की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि मोजतबा अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ इस्लामिक रिपब्लिक अधिकारियों के संपर्क में रहने के लिए मध्यस्थों के धीमे नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
छह महीने में भी जारी है अमरीका-ईरान तनाव
इधर, पश्चिम एशिया में अमरीका और ईरान के बीच छिड़ी जंग को छह महीने बीत चुके हैं। व्यापार के लिहाज से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही लगभग ठप पड़ी है। हजारों नाविक खाड़ी में फंसे हुए हैं। जून में दोनों देशों के बीच हुए एक अल्पकालिक समझौते के दौरान जहाजों की दैनिक आवाजाही 36 तक पहुंची थी, लेकिन 8 जुलाई से दोबारा शुरू हुई भीषण जंग के बाद यह घटकर औसतन 15 जहाज प्रतिदिन रह गई है।


Iran’s Supreme Leader Mojtaba Khamenei has appeared in newly released footage, marking his first public appearance.