पांच साल पहले प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के आरोप में जेल में बंद चमकौर साहिब की जसवीर कौर जल्दी ही पैरोल पर जेल से बाहर आ सकती है। मामले की सुनवाई करते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा कि केवल अनुमानों या सामान्य आशंकाओं के आधार पर किसी कैदी की पैरोल याचिका खारिज नहीं की जा सकती। अदालत ने 1 अक्टूबर 2024 को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश को रद्द कर दिया, जिसके तहत पैरोल रद्द की थी। अदालत ने संबंधित अधिकारियों को 30 दिन में इस बारे में फैसला लेने को कहा है। हालांकि इससे पहले जब जिला मजिस्ट्रेट ने याचिका रद्द की थी, उस समय दो आधार दिए थे। उनका कहना था कि पैरोल से गांव में तनाव फैलने की आशंका व दूसरा रिहाई से गांव की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। अब छह प्वाइंट में जानिए इस मामले में हुआ क्या था शादी के बाद से ही कपल में लड़ाई जसवीर कौर की शादी हरजीत सिंग से हुई थी। हरजीत सिंह के चाचा गुरमीत सिंह, निवासी गांव चूहड़ताजरा, थाना श्री चमकौर साहिब ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने अपनी शिकायत में बताया था कि वर्ष 2007 में हरजीत सिंह की शादी जसबीर कौर निवासी गांव शेरपुर माजरा, जिला फतेहगढ़ साहिब से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था, क्योंकि उन दोनों के बीच तीसरे व्यक्ति कुलविंदर सिंह की एंट्री हो गई थी। दोनों जसवीर कौर और कुलविंदर सिंह ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश की थी । चाचा को बताया था कि पत्नी के अवैध संबंध चाचा ने पुलिस को बताया था हरजीत सिंह ने एक दिन रोते उसे बताया था कि उसकी पत्नी जसवीर कौर के कुलविंदर सिंह (निवासी टप्पड़ियां) के साथ अवैध संबंध हैं। जब भी हरजीत सिंह इसका विरोध करता था तो जसवीर कौर उसके साथ झगड़ा करती थी और उसे धमकी देती थी कि “मैं तुम्हें कुलविंदर सिंह से मरवा दूंगी”। शिकायतकर्ता ने खुद भी कुलविंदर सिंह को सुबह के समय हरजीत सिंह के घर आते-जाते देखा था। मौत वाले दिन भी प्रेमी घर पर था 13 जून 2021 को सुबह लगभग 5:30 बजे गुरमीत सिंह अपने गांव के नेतर सिंह के डेरे पर दूध डालने गया था। तब नेतर सिंह ने उसे बताया कि आज सुबह तड़के लगभग 3:00 बजे उसने हरजीत सिंह के घर का दरवाजा खुला देखा और वहां से बाहर निकल रहे कुलविंदर सिंह को भी देखा। घर पर पहुंचे तो फर्श पर पर पड़ा था
यह सुनते ही शिकायतकर्ता और अन्य ग्रामीणों को शक हुआ कि कुलविंदर सिंह ने हरजीत सिंह के साथ कुछ अनहोनी हुई या हत्या कर दी गई है। जब वे तुरंत हरजीत सिंह के घर पहुंचे तो देखा कि हरजीत सिंह फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उसके सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। पत्नी बोली छत से गिर गया था उस समय जसवीर कौर कमरे के अंदर ही मौजूद थी। जब उससे पूछा गया तो उसने कहानी बनाने की कोशिश की। उसने कहा “हरजीत सिंह शराब के नशे में मकान की छत से गिर गया है”। लेकिन शव पर लगे चोट के निशानों को देखकर यह साफ था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। पत्नी की घबराहट से लगी पोल जसवीर कौर की बातों और घबराहट से शक होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। तत्कालीन एसएसपी अखिल चौधरी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फॉरेंसिक जांच में हरजीत के सिर पर धारदार हथियार के कट के निशान मिले, जिससे छत से गिरने की कहानी संदिग्ध हो गई। पूछताछ में जसवीर कौर ने प्रेमी कुलविंदर सिंह के साथ मिलकर दरांती से हरजीत की हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया।

