यमुनानगर में 22 वर्षीय राजकरण के सुसाइड मामले में परिजन उसकी गर्लफ्रेंड पर आरोप लगाते हुए उससे पूछताछ की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि गर्लफ्रेंड लगातार राजकरण पर शादी और पैसों को लेकर दबाव बना रही थी। आरोप है कि वह राजकरण से पैसे लेकर अपने एक्स-बॉयफ्रेंड को देती थी। जब राजकरण को इसका पता चला तो वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। परिजनों का दावा है कि गर्लफ्रेंड ने यहां तक कह दिया था कि अगर उसे पैसे मिलते रहेंगे, तभी वह राजकरण से शादी करेगी। परिजनों के अनुसार पुलिस यदि उस युवती से सख्ती से पूछताछ करती है तो मौत के पीछे की सारी कहानी सामने जा जाएगी। राजकरण ने 17 अगस्त को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। घटना के समय वह घर पर अकेला था। मौत से पहले उसने अपनी मां से फोन पर रोते हुए बातचीत की थी। जिसमें वह अपनी मां से कहता सुनाई दे रहा है- “मम्मी, मैं जिंदगी से हार गया…मुझसे अब बर्दाश्त नहीं हो रहा।” इस बातचीत के बाद परिजन मामले की गंभीरता से जांच की मांग कर रहे हैं। बहन बोली- गर्लफ्रेंड से सख्ती से पूछताछ हो राजकरण की बहन खुशबू का आरोप है कि भाई की मौत के पीछे उसकी गर्लफ्रेंड की भूमिका की गहनता से जांच होनी चाहिए। खुशबू के अनुसार, राजकरण की युवती से करीब एक महीने पहले मुलाकात हुई थी। युवती जिमखाना क्लब के पास काम करती है। कुछ दिनों की मुलाकात के बाद ही उसने राजकरण पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। खुशबू का कहना है कि राजकरण अपनी गर्लफ्रेंड को घर भी लेकर आया था और परिवार शादी के लिए तैयार था। इसके बाद परिवार को पता चला कि युवती का पहले से एक बॉयफ्रेंड था। आरोप है कि वह राजकरण से पैसे लेकर अपने एक्स-बॉयफ्रेंड को देती थी। इस बात का पता चलने के बाद राजकरण काफी परेशान रहने लगा। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिनों बाद गर्लफ्रेंड ने राजकरण से कहा कि अगर उसे पैसे मिलते रहेंगे, तभी वह उससे शादी करेगी। बहन के अनुसार, घटना से पहले सोमवार को भी युवती राजकरण से मिलने आई थी। इसके बाद राजकरण का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से युवती का फोन भी स्विच ऑफ है। परिजनों का आरोप- पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही राजकरण के परिजन पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि मामले में पुलिस उतनी गंभीरता से जांच नहीं कर रही, जितनी इस मामले की जरूरत है। परिवार का कहना है कि राजकरण की गर्लफ्रेंड से सख्ती से पूछताछ की जाए तो यह पता चल सकता है कि वह राजकरण पर किस तरह का दबाव बना रही थी और उसे किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा था। बहन खुशबू का कहना है कि यह गंभीर जांच का विषय है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं कि राजकरण ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों की मांग है कि पुलिस राजकरण की गर्लफ्रेंड से पूछताछ के साथ-साथ कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल चैट, पैसों के लेन-देन और घटना से पहले हुई मुलाकातों की भी जांच करे, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। एसपी से मिलकर जांच की मांग करेंगे परिजन परिजनों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर एसपी से मिलेंगे और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच की मांग करेंगे। परिवार का कहना है कि यदि राजकरण को किसी तरह प्रताड़ित या मानसिक रूप से परेशान किया गया था तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों का कहना है कि उन्हें सिर्फ यह जानना है कि राजकरण ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। यदि उसकी गर्लफ्रेंड के दबाव, पैसों की मांग या किसी अन्य वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था तो पुलिस को इसकी पूरी पड़ताल करनी चाहिए। परिवार ने राजकरण को इंसाफ दिलाने के लिए मामले की हर कड़ी जोड़कर जांच करने की मांग की है। बता दें कि राजकरण अपने माता-पिता और भाई-बहन के साथ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था और मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे, जबकि मां कुछ दिन पहले पटना गई थी। घर में अकेले होने के दौरान राजकरण ने फंदा लगाकर जान दे दी।

