50 हजार का इनामी गांजा तस्कर बरेली से गिरफ्तार:प्रयागराज एसटीएफ ने पकड़ा, मछली के दाने की बोरियों में लाता था गांजा

50 हजार का इनामी गांजा तस्कर बरेली से गिरफ्तार:प्रयागराज एसटीएफ ने पकड़ा, मछली के दाने की बोरियों में लाता था गांजा

प्रयागराज एसटीएफ की फील्ड इकाई ने 50 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्करी के आरोपी युसुफ अंसारी उर्फ आसिफ अंसारी को बरेली से गिरफ्तार किया है। वह झांसी के मोठ थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी 24 अगस्त को बदायूं-बरेली नेशनल हाईवे पर चांदपुर बलिया रोड तिराहे के पास से हुई। एसटीएफ ने घेराबंदी कर दबोचा एसटीएफ को फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में सूचना मिली थी कि युसुफ बरेली में मौजूद है। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी की। सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे टीम ने चांदपुर बलिया रोड तिराहे के पास युसुफ को पकड़ लिया। आरोपी बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के धिलौरिया बलिया गांव का रहने वाला है। मछली के दाने की बोरियों में छिपाता था गांजा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साथियों के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लाकर यूपी के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। गांजा छिपाने के लिए मछली के दाने की बोरियों का इस्तेमाल किया जाता था। एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2025 में युसुफ और उसके साथियों ने डीसीएम में मछली के दाने की बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर रखा था। इसी दौरान एसटीएफ ने उसके साथी राहुल कुमार और जय प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन युसुफ मौके से फरार हो गया था। लगातार बदल रहा था ठिकाना मामले में मोठ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। युसुफ की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भमोरा थाने में दाखिल किया गया है। पुलिस उसे संबंधित न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। एसटीएफ के अनुसार, युसुफ का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ बांदा के कोतवाली नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *