नेशनल स्पेस डे पर इंटरस्कूल प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले: 16 स्कूलों के करीब 550 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, पांच श्रेणियों में 18 प्रतिभाओं का सम्मान

नेशनल स्पेस डे पर इंटरस्कूल प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले: 16 स्कूलों के करीब 550 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, पांच श्रेणियों में 18 प्रतिभाओं का सम्मान

पांच श्रेणियों में प्रतिभा का प्रदर्शन
प्रतियोगिता का प्रारंभिक चरण 13 से 18 अगस्त तक विभिन्न स्कूलों में आयोजित किया गया था। इसमें हुब्बल्ली और आसपास के 16 स्कूलों के करीब 550 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रारंभिक चरण के विजेता विद्यार्थियों ने ग्रैंड फिनाले में पांच श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एलकेजी-यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस, पहली से तीसरी कक्षा के लिए ड्राइंग, चौथी से छठी कक्षा के लिए ड्राइंग, सातवीं-आठवीं कक्षा के लिए मॉडल मेकिंग तथा नौवीं-दसवीं कक्षा के लिए प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वर्णा ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक डॉ. एचवीएस वी. प्रसाद थे। उनके सहयोग से यह आयोजन संभव हो सका। विशेष वक्ता मेघना तलावाई ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने गाइडेड मिसाइल्स में एम.टेक किया है और हिमालयन स्पेस सेंटर के यंग एस्ट्रोनॉट प्रोग्राम की प्रथम बैच की छात्रा रही हैं। उन्होंने अंतरिक्ष एवं रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ हुबली सेंट्रल की अध्यक्ष डॉ. नागरेखा हेब्सूर, इवेंट चेयर श्रीदेवी रूगी और डॉ. विद्या होनवाड के नेतृत्व में किया गया।

18 विद्यार्थियों को मिला सम्मान
पांचों प्रतियोगिता श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 18 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं केएलई एम.आर. साखरे सीबीएसई इंग्लिश मीडियम स्कूल को प्रतियोगिता का टॉप रजिस्टर्ड स्कूल घोषित किया गया। स्कूल के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी और उत्साह के लिए विशेष सम्मान दिया गया। हिमालयन स्पेस सेंटर के प्रतिनिधियों ने कहा कि वह भारत की युवा पीढ़ी को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और इससे जुड़े क्षेत्रों में करियर के लिए प्रेरित करने की दिशा में लगातार काम करता रहेगा। संस्थान का उद्देश्य युवाओं को मार्स जेनरेशन के रूप में तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *