सिपाही ने 16 वर्षीय किशोर को पीटा:मेरठ में पतंग लेने गया था किशोर; महिला से भी अभद्रता का आरोप

सिपाही ने 16 वर्षीय किशोर को पीटा:मेरठ में पतंग लेने गया था किशोर; महिला से भी अभद्रता का आरोप

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मिशन कंपाउंड में रविवार को एक सिपाही पर 16 वर्षीय किशोर की पिटाई का आरोप लगा है। किशोर छत पर गिरी अपनी पतंग लेने गया था। परिजनों की शिकायत पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी सिपाही अपने कमरे में चला गया और बाहर नहीं निकला। यह घटना मिशन कंपाउंड में हुई, जहां यूपी पुलिस में तैनात सिपाही मेहर सिंह महिला सारा के मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहता है। सारा का 16 वर्षीय धैवता (नाती) विमल जॉन अपनी पतंग लेने छत पर पहुंचा था। आरोप है कि सिपाही मेहर सिंह ने किशोर के छत पर जाने का विरोध किया और उसके साथ मारपीट की। किशोर के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि सिपाही ने वहां मौजूद महिला बाउंसर नैना सिंह के साथ भी अभद्रता की। इस घटना के बाद मोहल्ले में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल-112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही आरोपी सिपाही अपने कमरे में चला गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। डायल-112 की टीम ने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को सौंप दी है। परिजनों का आरोप है कि सिपाही ने पहले किशोर से मारपीट की और जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ भी अभद्रता की गई। पीड़ित परिवार ने आरोपी सिपाही के खिलाफ थाने में औपचारिक तहरीर देने की बात कही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी सिपाही मेहर सिंह कमिश्नर कार्यालय में तैनात है। हालांकि, उसकी वर्तमान तैनाती और उस पर लगे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *