शाहजहांपुर में सोमवार दोपहर दो बजे अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनन अधिकारी ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सिंधौली थाना क्षेत्र के सरैया जब्ती गांव में अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रही थीं और इनमें मिट्टी भरी पाई गई। सोमवार दोपहर करीब दो बजे खनन विभाग को अवैध खनन की सूचना मिली। खनन अधिकारी अभिषेक पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले खनन स्थल का निरीक्षण किया। अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के रवाना होने पर टीम ने उनका पीछा किया। टीम ने कार लगाकर वाहनों को रोका और चालकों से खनन से संबंधित कागजात मांगे, जो वे प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद खनन विभाग की टीम दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सिंधौली थाने ले आई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बता दें कि जिले में पिछले कुछ समय से दिन और रात में अवैध खनन लगातार जारी है।

