रतलाम से केदारेश्वर तक निकली पैदल कावड़ यात्रा:शहर में गढ़कैलाश भगवान पालकी में सवार होकर निकले; कलेक्टर-एसपी ने उठाई पालकी

रतलाम से केदारेश्वर तक निकली पैदल कावड़ यात्रा:शहर में गढ़कैलाश भगवान पालकी में सवार होकर निकले; कलेक्टर-एसपी ने उठाई पालकी

सावन माह का अंतिम सोमवार को भगवान भोले की भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से शिवालयों में भगवान भोले के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ है। शहर से केदारेश्वर तक पैदल कांवड़ यात्रा निकली। शहर के अमृत सागर तालाब किनारे स्थित अति प्राचीन श्री गढ़कैलाश मंदिर भगवान गढ़कैलाश महादेव की शाही सवारी निकली। शहर समेत जिले में सुबह से शिवालयों में ओम् नम: शिवाय की गूंज सुनाई दे रही है। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के साथ शिवालयों में अभिषेक किया। शहर के कालिका माता मंदिर से सांवलिया मित्र मंडल द्वारा सैलाना के अ़वानिया स्थित केदारेश्वर महादेव तक पैदल यात्रा निकाली गई। साधु संतों के साथ निकली कावड़ यात्रा में डीजे, ढोल, ताशे व भोलेनाथ के भजनों पर थिरकते हुए बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। यात्रा में आदिवासी कलाकारों की टोलियां सबसे आगे पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर नृत्य करते हुए चल रही थी। राधा कृष्ण व भगवान भोले का रूप धरे कलाकार भी भजनों पर थिरक रहे थे। पैदल यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। कलेक्टर व एसपी ने उठाई पालकी शहर के अमृतसागर तालाब किनारे स्थित श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर पर भगवान गढ़कैलाश की प्रतिमा का मौली (लच्छे) से आकर्षक श्रृंगार किया। सुबह से यहां पर दर्शन के लिए भक्तों का आने का सिलसिला जारी है। दोपहर करीब 3 बजे गढ़कैलाश भगवान की शाही सवारी धार्मिक झांकियों के साथ निकाली गई। कलेक्टर अजय कटेसरिया व एसपी अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय आदि ने भगवान गढ़कैलाश की पूजा कर भगवान को पालकी में विराजित कर पालकी उठाकर चले। बड़ी संख्या में भक्त शाही सवारी में शामिल हुए। शहर के राजीव गांधी सिविक सेंटर स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर, स्टेशन रोड थाना परिसर स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव, धराड़ स्थित श्री महाकाल मंदिर, बिलपांक स्थित विरुपाक्ष महादेव मंदिर पर सुबह से दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। देखें पैदल कावड़ यात्रा की तस्वीरें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *