Manipur के Senapati जिले में गोलीबारी से CRPF जवान घायल, कई घरों में आग लगाई गई

Manipur के Senapati जिले में गोलीबारी से CRPF जवान घायल, कई घरों में आग लगाई गई

मणिपुर के सेनापति ज़िले में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया और कई घरों में आगजनी भी की गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़कें जाम कर दीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उपद्रवियों ने कांगपोकपी ज़िले के ताफू कुकी गांव में रात करीब 2:30 बजे एक घर में आग लगा दी। उन्होंने कहा, “कांगपोकपी में आगजनी की घटना के बाद, सेनापति ज़िले के नागा ताफू इलाके में सुबह करीब चार बजे कई घरों को जला दिया गया। सुबह करीब 9:20 बजे ताफू नगा इलाके में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया।

उसे सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।”
अधिकारी ने बताया कि सेनापति में आगजनी की घटनाओं के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थानीय लोग सेनापति गेट पर जमा हो गए और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर टायर आदि जलाए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, “स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।”
ताफू कुकी ग्राम प्राधिकरण ने एक बयान में संपत्ति के नुकसान की कड़ी निंदा की और दोषियों की पहचान 24 घंटे के भीतर किए जाने की मांग की।

मई 2023 से मैइती और कुकी-ज़ो समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *