उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ट्रांसफार्मर चोरी करने पहुंचे चोरों में से एक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथी शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना रविवार रात थाना मगोर्रा क्षेत्र के लोरिहा पट्टी गांव में हुई।
कुछ चोर ट्रांसफार्मर चोरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनमें से एक ने ट्रांसफार्मर का बिजली लाइन से कनेक्शन काटने का प्रयास किया, तभी उसे करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद मृतक के साथी उसका शव वहीं छोड़कर फरार हो गए।
मृतक की पहचान अलीगढ़ के गिरधरपुर गांव निवासी अजय यादव (पुत्र कुंवरपाल) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अब मृतक के साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

