गौरव हत्याकांड का चौथा आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार:कानपुर में बहनोई के घर छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

गौरव हत्याकांड का चौथा आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार:कानपुर में बहनोई के घर छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में गौरव तिवारी उर्फ मनीष हत्याकांड में पुलिस ने 9 महीने से फरार चल रहे चौथे और अंतिम नामजद आरोपी सुमित शुक्ला को रविवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे चौबेपुर के गौरैया गांव में उसके बहनोई के घर से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से सुमित लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बच रहा था। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सुमित की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड में नामजद चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई। इससे पहले पुलिस रोहित शुक्ला, विजय शुक्ला और टोनी तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मारपीट के बाद हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप गौरव तिवारी की हत्या के मामले में उसके भाई सौरभ ने सचेंडी थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर रोहित शुक्ला, विजय शुक्ला, टोनी तिवारी और सुमित शुक्ला के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि चारों ने गौरव के साथ मारपीट की और उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। तीन आरोपी पकड़ में आ गए, लेकिन सुमित लगातार फरार था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सुमित की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी। पुलिस को आशंका थी कि वह परिचितों और रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा है। इसी बीच रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुमित चौबेपुर के गौरैया गांव में अपने बहनोई के घर पर छिपा है। सूचना मिलते ही सचेंडी पुलिस की टीम गांव पहुंची और बताए गए मकान की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने दबिश देकर सुमित को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, उसे भागने का मौका नहीं मिला। चारों आरोपी जेल भेजे गए सुमित को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जरूरी कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि गौरव हत्याकांड में फरार चल रहे सुमित शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। सुमित की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड में नामजद चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *