उन्नाव के आनंद घाट पर सोमवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद पुरोहित अजय तिवारी ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर दोनों की जान बचाई। यह घटना सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे की है। उन्नाव निवासी नवीन और पुनीत अपने परिवार के साथ आनंद घाट पर गंगा स्नान करने आए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पुरोहित अजय तिवारी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने दोनों किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर आने के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई गई। किशोरों को बचाने के प्रयास में पुरोहित अजय तिवारी के पास रखे लगभग पांच हजार रुपये गंगा की तेज धारा में बह गए। हालांकि, उन्होंने पहले किशोरों की जान बचाने को प्राथमिकता दी।
गंगा में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए खतरा बढ़ गया है। गहरे पानी और तेज बहाव के कारण ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। सोमवार की घटना ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने पुरोहित अजय तिवारी के साहस और तत्परता की सराहना की। लोगों ने कहा कि यदि वे समय पर मदद के लिए नहीं आते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।

