ऊन में 51 दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन:सहायक उपकरण अक्टूबर में वितरित होंगे, एलिम्को ने किया परीक्षण

ऊन में 51 दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन:सहायक उपकरण अक्टूबर में वितरित होंगे, एलिम्को ने किया परीक्षण

शामली में राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के निर्देश पर ब्लॉक संसाधन केंद्र ऊन के प्रांगण में रविवार को एक मापन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 51 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया है। इन उपकरणों का वितरण आगामी अक्टूबर माह में किया जाएगा। यह शिविर समेकित शिक्षा के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों हेतु आयोजित किया गया था। यह कैंप एलिम्को कानपुर के सहयोग से आयोजित किया गया था। एलिम्को कानपुर की टीम ने शामली के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 58 विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों का परीक्षण किया। परीक्षण के बाद, समग्र शिक्षा अभियान के तहत 46 और पीएम श्री योजना के तहत पांच बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिन्हित किया गया। चिन्हित बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, सीपी चेयर, कैलिपर, रोलैटर, ब्रेल किट, टीएलएम किट और बैसाखी जैसे विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इन उपकरणों से दिव्यांग बच्चों को विद्यालय आने-जाने, पढ़ाई करने और शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने में सुविधा मिलेगी। मापन कैंप के दौरान ऊन के खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार ने दिव्यांग बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन मुहैया कराना उनकी प्राथमिकता है। इस कैंप का आयोजन जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) जितेंद्र कुमार के निर्देशन में किया गया। एलिम्को कानपुर की टीम से पुनर्वास विशेषज्ञ दीपक कुमार और गुलशन कुमार, श्रवण रोग विशेषज्ञ आशुतोष कुमार तथा डाटा ऑपरेटर योगेश कुमार ने बच्चों के परीक्षण और आवश्यक डेटा तैयार करने में सहयोग किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष शिक्षकों अखिलेश मौर्या, सचिन कुमार, चंद्रवीर सिंह, मनोज कुमार, योगेश कुमार, अनिल कुमार, अजय कुमार, दीपचंद चौधरी और वीरेंद्र यादव सहित बीआरसी के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित बच्चों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अक्टूबर में सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *