दमोह जिले के हटा क्षेत्र से निकली सुनार नदी में रविवार रात एक महिला का शव मिला। पुलिस के देर से पहुंचने के कारण महिला का शव नदी के तेज बहाव में करीब 8 किलोमीटर तक बह गया, जिसे बाद में काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। रविवार शाम करीब 6 बजे हटा के हारट गांव के पास स्थानीय लोगों ने सुनार नदी में एक महिला का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे शव बहाव के साथ बहकर 8 किलोमीटर दूर घुराघाट पहुंच गया। SDRF और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन सूचना मिलने के डेढ़ घंटे बाद एसडीओपी के निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम नाव लेकर घुराघाट पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने टॉर्च की रोशनी में सर्च ऑपरेशन चलाया और रात करीब 9 बजे कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। 35 साल की रामबाई के रूप में हुई पहचान सोशल मीडिया पर खबर फैलने के बाद मृतक की पहचान रामबाई (35), पति हीरा पटेल, निवासी कनोरा रामनगर (थाना मगरौन) के रूप में हुई। परिजन ने बताया कि महिला शनिवार शाम 7:30 बजे से घर से गायब थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए हटा के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। महिला की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन के बयानों के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

