आईफोन नहीं, बुआ से बातचीत को लेकर था पिता-पुत्र में डेढ़ महीने से विवाद, सामने आई नई वजह

आईफोन नहीं, बुआ से बातचीत को लेकर था पिता-पुत्र में डेढ़ महीने से विवाद, सामने आई नई वजह

Murlidhar Chandgude Family Dispute: छत्रपति संभाजीनगर के खवड़िया पहाड़ी हादसे में 19 वर्षीय कुनाल चांदगुडे के साथ उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे और मां संगीता की भी मौत हो गई। वहीं मृत संगीता चांदगुड़े के पिता बबनराव पाटील ने सोशल मीडिया पर चल रही आईफोन की चर्चाओं को खारिज किया है। उनका कहना है कि कुनाल के पास पहले से आईफोन था। करीब डेढ़ महीने से पिता-पुत्र के बीच कुनाल की बुआ से बात करने को लेकर विवाद चल रहा था और इसी तनाव के बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ।

आईफोन को इस घटना से जोड़ना गलत

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि आईफोन नहीं मिलने से कुनाल ने यह कदम उठाया। बबनराव पाटील ने इस दावे को गलत बताया। उन्होंने कहा कि कुनाल के पास पहले से ही आईफोन था, इसलिए इस घटना की वजह मोबाइल फोन को बताना सही नहीं है। पाटील के अनुसार पिछले डेढ़ महीने से कुनाल और उसके पिता मुरलीधर के बीच विवाद चल रहा था। दोनों के बीच नाराजगी थी, लेकिन पिता और बेटे में गहरा लगाव भी था।

बुआ से बातचीत नहीं थी

बबनराव पाटील ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले मुरलीधर की बहन के बेटे की संदिग्ध मौत हो गई थी। इसके बाद मुरलीधर अपनी बहन के घर अधिक समय बिताने लगे थे। कुनाल को यह पसंद नहीं था, क्योंकि उसकी बुआ पिछले कई साल साल से उससे बात नहीं कर रही थी। मुरलीधर चाहते थे कि कुनाल अपनी बुआ से बात करे। कुनाल इसके लिए तैयार नहीं था। उसका कहना था कि जो बुआ इतने साल से उससे बात नहीं करती, वह अब उससे बात क्यों करे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तनाव बढ़ता गया।

‘माता-पिता से बहुत प्यार करता था’

घटना के बारे में बबनराव पाटील ने कहा कि कुनाल अपने माता-पिता से बहुत प्यार करता था और उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था। पाटील के अनुसार कुनाल पिता-पुत्र के बीच चल रही दूरी खत्म करना और बातचीत शुरू कराना चाहता था। घटना के दौरान उसे पकड़ने की कोशिश में पिता-पुत्र दोनों का संतुलन बिगड़ गया। पाटील ने कहा कि अगर उस समय मुरलीधर कुछ देर धैर्य रखते तो शायद यह हादसा टल सकता था। बबनराव पाटील के बयान के बाद सोशल मीडिया पर चल रही आईफोन से जुड़ी चर्चाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक घटना के पीछे मोबाइल फोन नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा पारिवारिक तनाव था, जो उस दिन एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *