Japan Earthquake: जापान में जोरदार भूकंप से दहला टोक्यो, 37 लोग घायल, इबाराकी में था केंद्र

Japan Earthquake: जापान में जोरदार भूकंप से दहला टोक्यो, 37 लोग घायल, इबाराकी में था केंद्र

Earthquake In Japan: जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के इलाकों में रविवार तड़के जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.9 थी और इसका केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 2 बजे आया। भूकंप के झटकों से टोक्यो समेत कई इलाकों में लोग दहशत में आ गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण और शुरुआती जापानी अलर्ट में अलग-अलग आंकड़े सामने आए थे, लेकिन JMA के बाद के अपडेट में तीव्रता 5.9 दर्ज की गई है।

टोक्यो समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके

JMA के मुताबिक भूकंप का असर टोक्यो के 23 वार्ड समेत इबाराकी, चिबा, सैतामा, तोचिगी, गुनमा और कानागावा के कई हिस्सों में महसूस हुआ। टोक्यो के कुछ इलाकों में भूकंप की तीव्रता 4 दर्ज की गई। भूकंप के कारण लोगों को नींद से अचानक उठना पड़ा। कई लोग घबराहट में गिरने या फर्नीचर और दरवाजों से टकराने के कारण घायल हुए। कम से कम 37 लोग घायल हुए हैं और ज्यादातर चोटें मामूली हैं।

ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा असर

भूकंप के बाद जापान के कुछ हिस्सों में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। टोक्यो से नारिता एयरपोर्ट जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में देरी की जानकारी सामने आई है। हालांकि बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। टोक्यो के कोतो वार्ड में पानी की पाइप भी टूट गई, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। परमाणु प्लांट्स में भी किसी तरह की असामान्यता की सूचना नहीं मिली है।

सरकार ने शुरू किया नुकसान का आकलन

भूकंप के बाद जापान सरकार ने स्थिति और संभावित नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों को आने वाले दिनों में संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

पिछले महीने भी आया था शक्तिशाली भूकंप

जापान में यह भूकंप ऐसे समय आया है जब देश पिछले महीने आए एक शक्तिशाली भूकंप से भी प्रभावित हुआ था। क्यूशू में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप में 38 लोगों की मौत हुई थी और 360 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। उस भूकंप में 1,500 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *